गौरेला-पेंड्रा- मरवाही।
थाना मरवाही क्षेत्र के ग्राम बहरीझोरकी नाका जंगल में पकड़े गए पशु तस्करी प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी जागेश्वर नायक निवासी ग्राम पीरीमहुआ, प्रेमनगर, जिला सूरजपुर (छ.ग.) को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दरअसल, दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को जिले के सक्रिय गौ सेवकों से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मटियाडांड से कुछ तस्कर अवैध रूप से मवेशियों को मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक श्री सुरजन राम भगत के निर्देशन में थाना मरवाही द्वारा कार्रवाई की गई थी।

घटनास्थल पर की गई घेराबंदी में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी जागेश्वर नायक और उसके कुछ साथी मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए थे।
एसडीओपी मरवाही दीपक मिश्रा के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक सनीप रात्रे एवं साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तकनीकी निगरानी और लगातार ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि इस प्रकरण में आरोपी जागेश्वर नायक ही मवेशियों की खरीद, चरवाहों की व्यवस्था तथा उन्हें मध्यप्रदेश के बरघाट-लपटा-गढ़ही मार्ग के रास्ते बूचड़खानों तक भेजने का कार्य संचालित कर रहा था।
आरोपियों से मौके पर 11 मवेशी, 5 रस्सियां और 5 लाठियां भी जब्त की गई थीं।

आरोपी को अंतर्गत धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम 1960, तथा धारा 61(2), 112 बी.एन.एस. के तहत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

मरवाही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि जिले में अंतरराज्यीय पशु तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क एवं सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *