देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर पेंड्रा मंडल द्वारा मंडल अध्यक्ष रमेश तिवारी के नेतृत्व में पेंड्रा स्थित अटल परिसर में स्वच्छता अभियान एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत अटल परिसर की साफ-सफाई से हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाया। इसके पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा को विधिवत स्नान कराया गया। सायंकाल भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अटल परिसर में दीप प्रज्वलित कर स्व. अटल जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।


इस अवसर पर अटल जी की भव्य प्रतिमा पर जिला अध्यक्ष लाल जी यादव, जिला उपाध्यक्ष नीरज जैन एवं मंडल अध्यक्ष श्री रमेश तिवारी द्वारा माल्यार्पण किया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने क्रमशः पुष्पांजलि अर्पित कर अटल जी को श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामजी श्रीवास ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वहीं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीकांत चतुर्वेदी ने अटल जी द्वारा लिए गए साहसिक एवं ऐतिहासिक निर्णयों को याद किया।


मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष लाल जी यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की ऐतिहासिक देन है। यह प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरा देश सदैव अटल जी का ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी एक कुशल राष्ट्रवादी संगठनकर्ता थे, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल की महामंत्री कंचन सिंह ने किया एवं आए हुए अतिथियों का आभार प्रदर्शन भी किया l


कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री लुशन राठौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अरुणा गणेश जायसवाल, पार्षद मनीष श्रीवास, पार्षद देवी सिंह, पार्षद कुलदीप शुक्ला, डॉ. प्रवीण राय, किसान मोर्चा अध्यक्ष देव शरण राठौर, विमल मिश्रा, विनय सूर्यवानी, अजय राय ,महेश मिश्रा, डॉ दिलीप राय,राम बहादुर सिंह, दुर्गी कोल, श्रीमती मीनाक्षी यादव, अरुण तिवारी, आनंद साहू, निर्माण जायसवाल, सौरभ साहू, सुयश जैन रितेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *